घंटाघर का होगा सौन्दर्यकरण

जोधपुर। जोधपुर के ऐतिहासिक घंटाघर (क्लॉक टावर) के सौन्दर्यकरण के लिए जेडीए द्वारा 49 लाख 50 हजार की राशि से विकास कार्य करवाये जायेंगे। यह कार्य 15 दिनों के बाद शुरु हो जायेगा। जेडीए आयुक्त मेघराजसिंह रतनू ने बताया कि घंटाघर के सौन्दर्यकरण के कार्य के लिए जेडीए द्वारा घंटाघर के डोम, घंटाघर के दोनों तरफ के मुख्य द्वार, 12 गुम्बद में रंगरोगन का कार्य, परिसर में जहां कही फर्श के पत्थर टूटे या निकले हुए हैं, उन्हें उसी तरह के पत्थरों के साथ ठीक किया जायेगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्रीमती सीमा कविया ने बताया कि घंटाघर के पत्थरों की केमिकल से वाशिंग की जायेगी, साथ ही पत्थरों को वाटरप्रूफ करने के लिए केमिकल ट्रीटमेंट किया जायेगा। अधिशाषी अभियन्ता योगेश माथुर ने बताया कि घंटाघर के अन्दर जहां कही जालियां, कंगूरे, छज्जे टूटे हुए हैं उन्हें उसी तरह के पत्थर व डिजाइन में बदले जायेंगे। घंटाघर की छतें भी दुरस्त की जायेगी। प्लास्टर को ठीक किया जायेगा। ये सभी कार्य आर्कियोलॉजी तरीके से किए जायेंगे। पूर्व में इस तरह का कार्य कलेक्ट्रेट के गुम्बदों का करवाया गया था। बता दे कि शहर के बीचों बीच स्थित ऐतिहासिक घंटाघर, सरदार मार्केट का निर्माण महाराजा सरदारसिंह द्वारा करवाया गया था। चौपड़े के आकार के सरदार मार्केट के बीच में घंटाघर का निर्माण करवाया गया था। इसकी ऊपरी मंजिल पर लन्दन द्वारा निर्मित घड़ी लगायी गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button