7 करोड़ की लागत से बाईजी का तालाब में होंगे विकास कार्य

जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर बाईजी का तालाब में 7 करोड़ 21 लाख रुपए की वित्तीय राशि से विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। कार्यवाहक जिला कलेक्टर व आयुक्त नगर निगम सुरेश कुमार ओला ने बताया कि मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2019-20 के तहत इस कार्य में नगर निगम द्वारा इस तालाब को जलकुम्भी से मुक्तकर पूर्णतया स्वच्छ किया जा चुका है। साथ ही पुराने घाट भी इस सफाई अभियान के तहत वापस निकाले गए है। कार्यवाहक कलेक्टर ने बताया कि निगम द्वारा तालाब की मरम्मत व पुनरोद्धार संबंधी विभिन्न कार्य किए जाएंगे जिसमें तालाब के सौन्दर्यकरण के साथ इसकी ऐतिहासिक महत्ता को उभारा जाएगा। कार्यवाहक जिला कलेक्टर सुरेश ओला ने बताया कि बाईजी का तालाब में लगभग 53 लाख रुपए की राशि से बाउन्ड्री वॅाल का निर्माण, 12 लाख रुपए की राशि से गजीबो का निर्माण, 6 लाख 18 हजार की राशि से वाटर हट, 36 लाख रुपए से म्यूजिकल फाउन्टेन, 94 लाख रुपए की राशि से घाट पर एम्पीथिएटर निर्माण, 5 लाख 32 हजार की राशि से आइरन कैनोपी आदि के साथ कुल 7 करोड 22 लाख रुपए की वित्तीय राशि से विभिन्न विकास कार्य करवाएं जाकर तालाब के क्षेत्रों को स्वच्छ व अधिक जीवंत रूप दिया जाएगा। कार्यवाहक जिला कलेक्टर ने बताया कि म्यूजिकल फाउन्टेन को घेरते हुए आमजन के बैठने के लिए एक घाट निर्माण किया जाएगा जो कि अष्टकोणीय आकार में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button