चढ़ाया सवामन कलावा और मेहंदी, इसे लूटेंगे जायरीन
अजमेर।तारागढ़ दरगाह स्थित हजरत मीरां साहब का तीन दिवसीय उर्स प्रारंभ हो गया है। मजार शरीफ पर गुस्ल की रस्म अदा करने के साथ मेहंदी और कलावा पेश किया गया। जायरीन की आवक से दरगाह में रौनक बढ़ गई।सुबह 4 बजे मजार शरीफ पर गुस्ल दिया गया। शाम 4 बजे सवा मन मेहन्दी और कलावा पेश किया गया। शाम को मगरिब के बाद मलंगों को कमेटी की ओर से आटा वितरित किया गया। रात्रि 11 बजे महफिल ए कव्वाली का आयोजन हुआ। इसमें कव्वालों ने कलाम पेश किए। इसकी सदारत तारागढ़ दरगाह कमेटी अध्यक्ष मोहसिन सुल्तानी, सदस्य हाजी सैयद मोहम्मद युनूस और सैयद शाकिर हुसैन ने की।तारागढ़ इन्तेजामिया कमेटी के सचिवसैयद सगीर अब्बास ने बताया कि शुक्रवार को शाम 6 बजे लंगर तकसीम किया जाएगा। रात्रि 11 बजे महफिल ए कव्वाली होगी। शाही कव्वाल कुर्बान अली और अन्य कव्वाल कलाम पेश करेंगे। शनिवार को पंचायत खुद्दाम सैयद जादगान के तत्वावधान में हथाई चौक से चादर का जुलूस निकाला जाएगा। महफिल ए कव्वाली होगी। सदारत कमेटी अध्यक्ष मोहसिन सुल्तानी करेंगे। दोपहर करीब 1.15 बजे कुल की रस्म होगी। मजार शरीफ पर बंधे सवामन कलावा को जायरीन प्रसाद के तौर पर लूटेंगे।