महिलाओं को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी
जोधपुर। कार्यस्थल पर महिलाओं के कानूनी अधिकारों के संरक्षण को लेकर निगम की ओर से गठित आंतरिक परिवेदना समिति की बैठक सहायक विधि अधिकारी कृपावती हर्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। नगर निगम सभागार में आयोजित हुई इस बैठक में संबोधित करते हुए नगर निगम उपायुक्त आकांशा बैरवा ने सभी महिला कर्मचारियों को यौन उत्पीडऩ, शोषण के संबंध में कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वह अपने पुत्रियों के साथ अपने पुत्र को भी अच्छे संस्कार दें और महिलाओं के प्रति सम्मान करने की संदेश दें। बैरवा ने कहा कि सबसे पहले महिलाओं को आगे आकर महिला- पुरुष के बीच लिंग भेद को खत्म करना होगा। आंतरिक परिवेदना समिति अध्यक्ष कृपावती हर्ष ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षा देना नगर निगम का पहला कर्तव्य है। किसी भी महिला कर्मचारी को यदि कोई शिकायत है तो वह कभी भी अपनी शिकायत व्यक्तिगत रूप से मिलकर बता सकती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनके सभी कानूनी अधिकारों की रक्षा की जाएगी। बैठक में आंतरिक परिवेदना समिति के सदस्य सुमन राठौड़, विमला प्रजापति, दीपिका भाटी, सुमित्रा, समोस गहलोत उपस्थित थे।