जमीन विवाद में वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या: हत्यारों की तलाश
जोधपुर। जिले के खेड़ापा पुलिस थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह पातों की बासनी के रहने वाले एक वृद्ध की कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। सुबह हुई इस घटना से गांव में सनसनी फेल गई। आरंभिक पड़ताल में सामने आया कि मृतक व हत्यारों की बीच में जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। दोपहर तक पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी रही। पांच सात लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। परिजन की तरफ से हत्या में केस दर्ज करवाया गया है। शव को खेड़ापा सीएचसी में रखवाया गया है। खेड़ापा थानाधिकारी केसाराम ने बताया कि पातों की बासनी निवासी 55 साल के डंूगरराम मेघवाल और भगवानसिंह राजपूत के बीच जमीन को लेकर विवाद चला रहा है। आज सुबह भगवानसिंह, अर्जुन देवासी व 3-4 अन्य लोग बासनी भरकोटिया की तरफ अपने पशु लेकर पहुंचे। तब डूंगरराम मेघवाल सामने आ गया। इस पर कुल्हाड़ी, लाठी और अन्य हथियार से डूंगरराम पर हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से डूंगरराम घायल हो गया। उसे सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक ने मृत बता दिया। घटना के बाद हमलावर भाग गए। थानाधिकारी केसाराम के अनुसार हत्यारों की तलाश की जा रही है। गांव के आस पास के इलाकों में सर्च किया जा रहा है। फिलहाल कोई पकड़ में नहीं आया है।