व्यापारियों की समस्या कलक्टर तक पहुंचाई
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। शहर विधायक मनीषा पंवार ने व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए शनिवार को जिला कलक्टर से मुलाकात कर चर्चा की। भीतरी क्षेत्र के व्यापारियों के फोन पर यह अवगत करवाने पर कि लम्बे लॉकडाउन की वजह से उनकी दुकानों में रखी खाद्य सामग्री घी, तेल व अन्य के खराब होने का खतरा बढ़ गया हैं। इस कारण शहरी क्षेत्र के व्यापारी अपने माल को कफ्र्यू मुक्त क्षेत्र में ले जाकर इसका निस्तारण करना चाहते हैं। इस पर विधायक मनीषा पंवार ने व्यापारी बन्धुओं को प्रशासन से वार्ता कर उनकी इस समस्या का त्वरित समाधान करने का आश्वासन दिया। इसी संबंध में विधायक पंवार ने जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित से वार्ता कर व्यापारियों की इस समस्या से अवगत करवाया एवं व्यापारियों के जनरल एवं प्रोविजन सामान को नियमानुसार एवं व्यवस्थित तरीके से कफ्र्यू मुक्त क्षेत्र में निस्तारण करने की व्यवस्था करने का समाधान निकालने का प्रयास किया जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े एवं व्यापारी बन्धुओं का यह सामान व्यर्थ खराब न हों। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में व्यापारियों से सम्पर्क स्थापित कर तत्काल समुचित व्यवस्था करने के निर्देश प्रदान किये।