सूर्यनगरी में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी
- सेवा भारती समाचार
जोधपुर। पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार को भी दिखाई दिया। जोधुपर शहर में कहीं स्थानों हल्की बूंदाबांदी तो कहीं हवाओं के साथ तेज बौछारें गिरीं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार से बादलों की आवाजाही कम होगी व तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना बनेगी। सोमवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। जोधुपर शहर में सुबह धूप निकली, लेकिन हल्के बादलों की आवाजाही थी। इसके चलते शहर का न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री उतर गया। दिन निकलने के साथ धूप भी तेज हुई, लेकिन दोपहर के बाद बादल छाने लगे। करीब 2 बजे के बाद तापमान में गिरावट के साथ शहर में घने बादल छा गए। थोड़ी देर में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बौछारें गिरी। मौसम विभाग के अनुसार शहर में 1.1 एमएम बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार ये सभी पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से हो रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. डीपी दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम मंगलवार से सामान्य हो जाएगा। खिली धूप निकलने तथा बादलों की आवाजाही कम होने की वजह से शहर का अधिकतम तापमान बढऩे की संभावना है। गर्मी के बाद बारिश में भी जवान मुस्तैद : शहर के आधे हिस्से में कफ्र्यू है तो शेष इलाके में लॉकडाउन से सब बंद है। सोमवार को जालोरी गेट पर तैनात पुलिसकर्मी बारिश के बीच भी मुस्तैदी से खड़े रहे। बारिश से भीग ना जाएं, इसके लिए वे छाता लेकर आने-जाने वालों पर नजर रख रहे थे।