खिलाड़ी ऑनलाइन सीख रहे मार्शल आर्ट के गुर
- घर पर सुरक्षित रहकर कर रहे दिन-रात मेहनत बहां रहे है पसीना
- सेवा भारती समाचार
जोधपुर। इन दिनों कोराना संक्रमण के चलते राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में खेल मैदान बंद होने के कारण खिलाड़ी अपने घर पर ही वीडियो कॉलिंग के माध्यम से प्रशिक्षक मोहम्मद इकबाल मोयल तथा अब्दुल रजाक मोयल से अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने एवं फिट रहने के लिए पेंचक सिलाट मार्शल आर्ट के गुर सीख रहे हैं। सभी खिलाड़ी सुबह शाम को घंटों पसीना बहा रहे हैं। ताकि आने वाली राज्य व राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अच्छे परिणाम दे सके और जोधपुर सहित राजस्थान का नाम रोशन कर सकें।
पेंचक सिलाट एसोसिएशन ऑफ जोधपुर के सचिव तथा कोच नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट मोहम्मद इकबाल मोयल ने बताया कि पेंचक सिलाट (इंडोनेशियाई मार्शल आर्ट) की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता व ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट प्राप्त मोयल परिवार के पिता, पुत्र, पौत्र, पौत्री सहित तीन पीढिय़ों के सदस्य घर में रहकर ही एक साथ अभ्यास कर रहे हैं। मोयल परिवार के 60 वर्षीय अब्दुल रज्जाक मोयल पेंचक सिलाट खेल में राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी है। इसके साथ ही ताइक्वांडो की लगातार तीन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी भी है। इन्हीं के साथ मोयल परिवार की सबसे छोटी महिला खिलाड़ी 10 वर्षीय कनीज फातिमा व 5 वर्षीय मोहम्मद जुबेर परिवार के मुखिया अब्दुल रजाक मोयल के पौत्र व पौत्री है तथा मोहम्मद इकबाल के पुत्र व पुत्री है। कनीज फातिमा वेस्ट जोन पेंचक सिलाट प्रतियोगिता की रजत पदक विजेता खिलाड़ी है।