जिला कलेक्टर ने किया सर्वे टीम का उत्साहवर्धन
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण कार्य में जुटी हुई सर्वे सैंपलिंग टीम का उत्साहवर्धन करने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एडीएम द्वितीय महिपाल भारद्वाज व सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा के साथ पहुंचे। जिला कलेक्टर ने फतेहसागर क्षेत्र में घर घर जाकर सर्वे करने वाली टीम के सदस्यों से सैंपलिंग सर्वे के कार्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पल्स ऑक्सीमीटर द्वारा ऑक्सीजन काउंट चेक करने के विषय में जानकारी ली। टीम द्वारा जिला कलेक्टर ने स्वयं का भी ऑक्सीजन काउंट चेक करवाया। जिला कलेक्टर ने घोड़ों की चौक क्षेत्र में सर्वे सैंपलिंग का निरीक्षण भी किया। साथ ही क्षेत्रवासियों से बातचीत कर सर्वे के बारे में जानकारी ली। इसके बाद बकरा मंडी व हरिजन बस्ती क्षेत्र में भी सैम्पलिंग सर्वे का कार्य देखा। जिला कलक्टर ने प्रतापनगर सेटेलाइट अस्पताल में सैंपलिंग के कार्य का जायजा लिया व आईएलआई लक्षणों वाले रोगियों की संख्या के बारे में जानकारी ली। जिला कलेक्टर ने कहा कि जोधपुर कोरोना संक्रमण की रोकथाम में सर्वाधिक टेस्टिंग, सैंपलिंग कर रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य को संपादित करने में सर्वे सैंपलिंग टीम की अहम भूमिका रही है। जिला कलेक्टर ने अपने दौरे के दौरान सर्वे सैंपलिंग टीम के सभी सदस्यों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिस तरह अब तक घर घर जाकर कत्र्र्तव्यनिष्ठा से सर्वे सैंपलिंग का कार्य करते आए हैं उसी को आगे भी पूरे जोश के साथ निभाए जिससे जिला शीघ्र ही कोरोना संक्रमण से निजात पा सके। जिला कलेक्टर ने मथुरादास माथुर अस्पताल में किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यो को जायजा लिया जिसमें कैंसर वार्ड में किये जा रहे कार्यो के साथ मेडिकल आईसीयू में हो रहे विकास कार्यो का निरीक्षण किया व अस्पताल परिसर में ही नवीन वेटिंग हॉल बनाये जाने के लिए जगह भी देखी।