चीनी उत्पादों का पूर्ण बहिष्कार ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि: विहिप
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी सामानों पर जोर देने की आवश्यकता है। भारत चीन की सीमा पर बढ़ते विवाद व चीनी उत्पादों पर पूर्ण बहिष्कार देश की जनता को करना चाहिए। वो ही सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इतिहास में जब भी जिन देशों की आपस में नहीं बनी उस देश की जनता ने विरोधी देश का बहिष्कार कर अपने राष्ट्र को मजबूत किया है। यह विचार विश्व हिन्दू परिषद जोधपुर प्रान्त संगठन मंत्री ईश्वर लाल ने प्रान्त की आत्मनिर्भर भारत विषय पर वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई बैठक में प्रमुख वक्ता के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड और जर्मनी के बीच जब विवाद हुआ और इंग्लैंड की महारानी ने अपने लिए जर्मनी कार खरीदी तब जनता ने एक स्वर में विरोध किया और कहा कि अगर आप ही दुश्मन देश की उत्पादों का उपयोग करेगी तो देश की जनता पर कैसा असर पड़ेगा। जनविद्रोह को देखते हुए महारानी को भी कार वापिस करनी पड़ी। देश मे कोरोना के संकटकाल में नामी विदेशी कम्पनी ने किसी प्रकार की सहायता नहीं की वही लोकल व्यापारी ने ही हर प्रकार की मदद की, इसलिए हमें लोकल को बढ़ावा देना ही चाहिए। भारत विश्व का सबसे बड़ा बाजार है और भारतवासी चाहे जिसे झुका सकते हैं। विहिप की ऑनलाइन बैठक में जोधपुर प्रान्त के कई कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।