महिला चिकित्सक ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। शहर के भीतरी क्षेत्र में रहने वाली एक महिला दंत चिकित्सक ने एक निजी अस्पताल के संचालक पर दुष्कर्म कर ब्लैकमेलिंग करते हुए निकाह करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है आरोपी ने उसके करीब पांच लाख रुपए और जेवर हड़प लिए और अब दस लाख रुपए की मांग कर रहा है। आरोपी पहले से विवाहित था। आरोपी द्वारा मारपीट करने पर उसका गर्भपात भी हो गया। इस संबंध में उसने महिला थाना पूर्व में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने बताया कि खांडाफलसा छीपों की गली निवासी एक महिला दंत चिकित्सक ने रिपोर्ट दी है कि उसने 25 दिसंबर 2017 को दर अल शिफा हॉस्पिटल ज्वॉइन किया था। इस हॉस्पिटल के संचालक व निदेशक डॉ. समीर अली है जो उसकी गली में ही रहते है। नौकरी के दौरान डॉ. समीर अली ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर ब्लैकमेलिंग करना शुरू कर दिया। एक दिन उसने नशीली कॉफी पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसकी विडियो भी बना लिया। होश आने के बाद उसने निकाह नहीं करने पर विडियो वायरल करने की धमकी दी। हालांकि डॉ. समीर अली पहले से विवाहित था और उसके छह बच्चे भी है। इसके बावजूद उसने निकाह के लिए दबाव डाला। बदनामी के डर से उसने उसके साथ उसके फार्म हाउस पर निकाह किया। इसके बाद उसने उसे अस्पताल में काम करने की एवज में मिलने वाली तनख्वाह देना भी बंद कर दिया। साथ ही पीहर से रुपए और जेवर लाने का दबाव डाला। इस पर उसने अपने पीहर से पांच लाख रुपए और करीब ग्यारह तौला वजनी सोना उसे लाकर दिया। उसके गुस्सैल प्रवृति और मारपीट के दौरान उसका एक बार गर्भपात भी हुआ। इसके बाद वह पीहर से दस लाख रुपए और लाने की मांग करने लगा। नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने अपने परिजनों के साथ पुलिस थाना पहुंचकर डॉ. समीर अली के खिलाफ रिपोर्ट दी। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर पीडि़ता के वकील मदनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि आरोपी द्वारा लगातार पीडि़ता को धमकी दी जा रही है साथ ही केस वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है। इसको लेकर खांडाफलसा पुलिस थाना में शिकायत देकर 107 की कार्रवाई की गई है।