शेखावत ने थानवी एवं माथुर के निधन पर दु:ख जताया

सेवा भारती समाचार
जोधपुर। जोधपुर सांसद व केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और विद्या भारती के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर जीवनलाल माथुर और भाजपा जोधपुर देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राधाकिशन थानवी के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। भाजपा के जोधपुर संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने भाजपा जोधपुर देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राधा किशन थानवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। शेखावत ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में लंबे समय से वे हमारे मार्गदर्शक थे। उन्हें खोना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। एक कर्तव्यनिष्ठ और सहृदय राजनेता का जाना पार्टी के साथ ही पूरे क्षेत्र के लिए दुखद है। पार्टी में उनकी अनुपस्थिति लंबे समय तक खलेगी लेकिन उनके द्वारा दिए गए सैद्धांतिक मूल्य हमें सदैव जनसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
इसी प्रकार मंत्री शेखावत ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और विद्या भारती के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर जीवन लाल माथुर के निधन को अत्यंत दुखद बताया है। शेखावत ने कहा कि गत जून माह में ही पार्टी के महासंपर्क अभियान के दौरान उनसे भेंट हुई थी। ख्यातिप्राप्त शिक्षाविद् माथुर ने अपने ज्ञान और अनुभव से जोधपुर को सदा गौरवान्वित किया। ईश्वर प्रो माथुर और थानवी की आत्मा को शांति और उनके परिजनों को इस मुश्किल समय में संबल प्रदान करे साथ ही दु:ख की इस घड़ी में उनके परिजनों को हिम्मत प्रदान करें।