निगम कर्मियों ने लिया धूम्रपान नहीं करने का संकल्प
जोधपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम परिसर को स्वच्छ बनाने के लिए धूम्रपान नहीं करने का नववर्ष पर निगम कर्मचारियों व अधिकारियों ने संकल्प लिया, साथ ही निगम परिसर में तंबाकू गुटखा और धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। नगर निगम सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नगर निगम सीमा हिंगोनिया, उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, अश्विनी के पंवार, विधि अधिकारी कृपावती हर्ष, वित्तीय सलाहकार सवाई लाल गर्ग ने सभी निगम कर्मचारियों व अधिकारियों को इसकी शपथ दिलाई। नगर निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की पहली जिम्मेदारी नगर निगम की है और निगम कार्यालय स्वच्छ होने से आमजन में भी एक सकारात्मक संदेश जाता है। इसी के मद्देनजर नव वर्ष पर सभी निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को धूम्रपान नहीं करने एवं कचरा कचरा पात्र में ही डालने का संकल्प दिलाने का निर्णय लिया गया था। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा हिंगोनिया की अगुवाई में सभी निगम कर्मचारियों और अधिकारियों ने निगम परिसर में गुटखा तंबाकू का सेवन नहीं करने और धूम्रपान नहीं करने की शपथ ली है। उन्होंने बताया कि यदि कोई निगम कर्मचारी एवं अधिकारी निगम परिसर में गुटखा, तंबाकू खाते पीते या धूम्रपान करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध 500 रुपए की शास्त्री राशि वसूल की जाएगी, वहीं सभी निगम कर्मचारियों अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वह स्वच्छ भारत अभियान के इस मिशन को पूरा करने में सभी का सहयोग करेंगे।