शीतला माता कागा मेला : माताजी को लगाया ठंडे का भोग , मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चौक चौबंद बंदोबस्त के बीच भक्तों ने किए माता के दर्शन

जोधपुर। शहर में आज शीतलाष्टमी श्रद्धा व उमंग से मनाई जा रही है। सप्तमी पर बनाया ठंडा भोजन के बाद आज माताजी को घरों में ठंडे का भोग लगाया गया। अलसुबह महिलाओं के साथ परिवार के सदस्यों ने माताजी का पूजन किया और भोग प्रसादी वितरित की।

वहीं शहर के अति प्राचीन कागा तीर्थस्थल पर प्रतिवर्ष भरा जाने वाला शीतला माता का मेला शुक्रवार शाम को ध्वजारोहण के साथ आरंभ हो गया। आज सुबह से ही मंदिर में माता के भक्तों की काफी भीड़ रही। महिलाएं, बच्चें और पुरूषों ने माताजी की प्रतिमा के दर्शन किए। कई लोग मान्यतानुसार बच्चों को अचपड़ा से बचाने के लिए यहां पर उन्हें साथ लेकर आए और माताजी प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया।

शहर में आज शीतला माता की पूजा अर्चना कर ठंडे का भोग शीतालष्टमी का पर्व शहर में मनाया जा रहा है। शहर की अधिकांश नमकीन की दुकानें और गर्म चाट पकौड़ी के खोमचे वालों ने भी अवकाश रखा।

सुरक्षा का रखा गया ध्यान :
पुलिस और नागरिक प्रशासन ने भी इस मेले को लेकर यातायात और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की और मंदिर परिसर से लेकर नागौरी गेट और महामंदिर चौराहे तक विशेष यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस का जाब्ता लगाया।

माताजी प्रतीकात्मक का पूजन :
घरों में भी शीतला माता, ओरी माता, अचपड़ाजी व पंथवारी माता का प्रतीक बनाकर पूजन किया गया साथ ही ठंडे भोजन का भोग लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button