उत्तर व दक्षिण निगम के सभी 160 वार्ड खत्म

अधिस्वीकृत पत्रकार गुलाम मोहम्मद, सम्पादक, सेवा भारती, जोधपुर
जोधपुर में अब एकीकृत नगर निगम में 100 वार्ड बनाए
जोधपुर। जोधपुर में नगर निगम बनने के 31 साल बाद आखिरकार इसका सीमा क्षेत्र भी बढ़ ही गया। जोधपुर नगर निगम उत्तर व दक्षिण और इनके 80-80 वार्ड खत्म कर एक बार फिर एकीकृत नगर निगम में सौ वार्ड बनाए जा चुके हैं। अब अगले बीस दिन तक इन वार्डों के गठन बाद आपत्तियां मांगी जा रही है।
जोधपुर नगर निगम में दो राजस्व ग्राम नांदड़ी व श्रीयादे गांव को सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में जोड़ा गया है। नए जोड़े गए राजस्व ग्राम श्रीयादे नगर व नांदड़ी की आबादी को मिलाकर दो नए वार्ड बनाए गए हैं। ऐसे में नए राजस्व गांव से दो वार्ड और शहर, सरदारपुरा व सूरसागर विधानसभा से नगर निगम के नए परिसीमन को अंतिम रूप देने के लिए काफी लंबी मशक्कत चली। इसके नए प्रारूप को मंगलवार को अंतिम रूप देते हुए नए परिसीमन के प्रकाशन के लिए कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने आदेश जारी कर दिए। नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी के अनुसार परिसीमन का ड्राफ्ट और नक्शा निगम की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा।
वार्ड की आबादी बारह हजार तक
निगम के 100 वार्डों की सीमा तय करने के बाद प्रशासन ने बुधवार से आपत्तियां मांगनी शुरू कर दी है। यह क्रम 20 दिन तक चलेगा। प्रत्येक वार्ड की आबादी 7000 से 12000 तक रखी गई है। परिसीमन में जनसंख्या के आधार पर सबसे छोटा वार्ड शहर विधानसभा में वार्ड 62 होगा। इसमें 7064 वोटर होंगे। वार्ड की परिधि में जालोरियों का बास, राम चौक, खानिया, शंभु भवन, मियों की मस्जिद व आस-पास के क्षेत्र शामिल होंगे। सबसे बड़ा वार्ड सरदारपुरा विधानसभा का 100 होगा। इसमें किशोर बाग, नरपत पेट्रोल पंप, मां भगवती कॉलोनी से सुसवाणी माता की गलियों सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। नए परिसीमांकन में दोनों निगम के 160 वार्डों को तोडऩे के लिए डेढ़ से 2 वार्ड एक में मर्ज किए गए हैं। इसमें वार्डों को मर्ज करने में वार्ड बाउंड्री का ख्याल रखा गया है। सीमा में जोड़े गए दोनों गांव को वार्ड 77 व 78 में शामिल किया गया है। इन दोनों वार्डों के जुडऩे से साल 2011 की जनसंख्या के आधार पर जोधपुर की आबादी में 22 हजार से अधिक की वृद्धि हुई है। अब सूरसागर विधानसभा में सर्वाधिक 40 वार्ड बनाए गए हैं। वहीं, सरदारपुरा विस में 31 और शहर विस में 29 वार्ड बनाए गए हैं।